ताना बाना

मन की उधेड़बुन से उभरे विचारों को जब शब्द मिले

तो कुछ सिलवटें खुल गईं और कविता में ढल गईं

और जब शब्दों से भी मन भटका

तो रेखाएं उभरीं और

रेखांकन में ढल गईं...

इन्हीं दोनों की जुगलबन्दी से बना है ये

ताना- बाना

यहां मैं और मेरा समय

साथ-साथ बहते हैं

गुरुवार, 19 दिसंबर 2024

बुरी औरतों…!!



बुरी औरतों…
तुम वाकई बुरी हो

तुम जो यह सोचती हो 
तुमने बुरा हश्र किया उनका
तो उससे कहीं ज्यादा 
नादानी से, पहले अपना किया
ना जाने कब बराबरी की होड़ में 
तराजू के दूसरे पलड़े पर 
खुद ही जा बैठीं…

क्या तुम जानती  हो 
अनगिनत अन्याय, पीड़ा, 
अनाचार, अत्याचार सहे 
तब कहीं तनिक से साये मिले
कुछ ही राहत,आशा भरे पल 
अभी गुजरे ही थे और तुम्हें 
अपने लोभ, कपट की कुल्हाड़ी 
खुद अपनी ही जड़ों पर चलानी थी…?

याद रखना…
गुनहगार हो उन मासूमों की 
जिनकी माँओं ने तड़प कर 
चुन लिया फाँसी का फंदा
जो कर दी गईं जीतेजी
लपटों के हवाले
या जिन्होंने एड़ियाँ रगड़ 
लानत भरी ज़िंदगी 
रहमतों के साए तले गुजारी…

गुनहगार हो तुम उन अनगिनत 
असहाय, छटपटाती 
बेघर हुई पीड़ाओं की
भीगा आँचल थाम काँपते 
कलपते रहे नन्हे नौनिहाल
छटपटाते रहे बाप-माई 
हर सावन करेजा मसोसता 
सूनी आँख राह तकता रहा भाई…

जाने कितने मासूम दिल सहम कर 
दरक गए होंगे
अरमानों के जनाजे पर कुछ फूल
और सज गए होंगे
दफन कर दिए होंगे संजोए सपने सारे
कर दिए होंगे धरती या नदी के हवाले…

जानती हूँ…
जुल्म तो नहीं रुकेगा अब भी
लेकिन जब भी कोई 
चीख छटपटाएगी
अदालत का दरवाजा खड़काएगी
खड़ी हो जाएंगी दस उँगलियाँ 
तुरन्त…तंज कसे जाएंगे
तिरियाचरित्र का ताना सुना
संदेह की नजर से देखी जाएंगी
सारी दी गई गालियाँ फिर से 
दोहराई जाएंगी…

देवी बनना मंज़ूर नहीं था, न सही
दया, ममता, संस्कार, नैतिकता 
सबकी ठेकेदार तुम नहीं 
मंजूर है…न सही…
लेकिन कुछ तो इंसानियत रखतीं 
कम से कम आदमखोर तो न बनतीं…

देखो जरा…
कैसी मुश्किल घड़ी है
तुम्हारे ही कारण औरत आज 
कटार लिए कटघरे के उस पार
स्वयम् अपनी प्रतिवादी बनकर खड़ी है

तुम्हारा गुनाह अक्षम्य है, 
आधी आबादी की आवाज को तुमने
कमजोर करने का गुनाह किया है
सदियों से चले प्रयासों पर
कुठाराघात किया है…

याद रखना…
आने वाली नस्लें तुम पे उंगली उठाएँगी 
आँखों में आँखें डाल सौ सवाल करेंगी
अपने हाथों जो लिख दिया उनका नसीब
क्या कभी उसका तुम दे सकोगी हिसाब…?

तो…बुरी औरतों सुन लो 
सजा चाहें जो भी हो 
माफी की हक़दार तो तुम भी 
क़तई नहीं हो…!!

- उषाकिरण 🍁
- 18 दिस. 24




4 टिप्‍पणियां:

  1. बिल्कुल खरी-खरी और सटीक।
    बुरी औरतों तुम्हारे लिए सजा चाहे जो भी हो पर माफी की हकदार तुम नहीं हो सकती।
    सिक्के के दूसरे पहलू की तरह कुछ स्त्रियों के किरदार का स्याह पक्ष है यह।
    सादर।
    ------
    जी नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना शुक्रवार २० दिसम्बर २०२४ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं
  2. लोभ और अज्ञान के अंधेरे में चल रहे इंसान स्वयं के साथ औरों के लिए भी नर्क खड़ा कर देते हैं

    जवाब देंहटाएं

मेरे चश्मे से- अभिमान

                                            *  अभिमान *                                               ऋषिकेश मुखर्जी के निर्देशन में सन् 197...