ताना बाना

मन की उधेड़बुन से उभरे विचारों को जब शब्द मिले

तो कुछ सिलवटें खुल गईं और कविता में ढल गईं

और जब शब्दों से भी मन भटका

तो रेखाएं उभरीं और

रेखांकन में ढल गईं...

इन्हीं दोनों की जुगलबन्दी से बना है ये

ताना- बाना

यहां मैं और मेरा समय

साथ-साथ बहते हैं

गुरुवार, 12 नवंबर 2020

बेटी का पिता





तेरे नन्हें पावों की रुनझुन से 

झंकारित

तेरी हथेलियों के बूटों से 

अलंकृत

तेरी बातों की गुनगुन से 

गुँजारित

तेरे पहने रंगों से 

झिलमिल

और तेरे हाथों की

चूड़ियों से खनकता है

मेरा घर - आँगन

आँगन के नीम पर झूलते-झूमते

जोर से खिलखिलाती है

और ऊंचा पापा

और ऊँचा

मैं लगा देता हूँ 

पूरा जोर अपनी बाजुओं का

अपनी हसरतों का

चाहता हूँ तू हाथ बढ़ा कर

तोड़ लाए अपना इन्द्रधनुष 

पर कहीं मन में सहम जाता हूँ मैं

जब देखता हूँ आकाश में झपटते

गिद्धों और चील कौओं को

हाथों का जोर 

और मन का उत्साह थक जाता है

मैं चाहता तो हूँ  तेरे हौसलों को 

परवाज देना

पर मेरे हाथ इतने भी लम्बे  नहीं 

सुन मेरी बच्ची 

तुझे खुद बनना होगा 

अपना शक्ति -पुँज

गढ़ना होगा स्वयम् 

अपना रक्षा- कवच

और बढ़ानी होगी खुद अपनी पींगें

मैं तो हूँ न साथ सदा 

बन कर तेरा

धरती और आकाश 

फिर बढ़ाना हाथ और तोड़ लाना 

फलक से चमकते सितारे

और सूरज, चाँद

सारे के सारे.....!!!


                       — उषा किरण

              फोटो : पिन्टरेस्ट के सौजन्य से

5 टिप्‍पणियां:

मुँहबोले रिश्ते

            मुझे मुँहबोले रिश्तों से बहुत डर लगता है।  जब भी कोई मुझे बेटी या बहन बोलता है तो उस मुंहबोले भाई या माँ, पिता से कतरा कर पीछे स...